बिहार गोपालगंज न्यूज:-
बिहार के गोपालगंज जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां विद्यालय जा रहे शिक्षक को अपराधियों द्वारा घेरकर गोली मार दी गई। बताया जाता है कि शिक्षक अपनी मोटरसाइकिल से विद्यालय के लिए निकले थे। वे घर से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर गोली चला दी।
शिक्षक की पहचान प्रखंड प्रमुख के पिता के रूप में हुई…
विद्यालय जाने के क्रम में अपराधियों की गोली के शिकार हुए शिक्षक की पहचान अरविंद कुमार यादव के रूप में हुई है। क्षेत्र में अरविंद कुमार यादव की पहचान शिक्षक के साथ – साथ राजनीतिक दखल वाले व्यक्ति के रूप में भी रहा है। 50 वर्षीय अरविंद कुमार गोपालगंज के ऊंचकागांव थाना के श्यामपुर झिरवा टोला के वासी थे। उसकी पत्नी झिरवा पंचायत की मुखिया रह चुकी है और बेटा विश्वजीत यादव ऊंचकागांव प्रखंड का वर्तमान प्रमुख है।
छह में से 5 गोलियां लगी…
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल जाने के क्रम में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे रोका और इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते उसपर एक गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह गाड़ी छोड़कर भागने लगे। अपराधियों ने जब उसे भागते देखा तो उन लोगों ने पीछा करते हुए घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया और फिर वहां से फरार हो गए।
लोगों ने अस्पताल पहुंचाया..
आसपास के लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो वे भागे-भागे घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराये। लेकिन डॉक्टर के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिक्षक की मृत्यु की सूचना आग की तरह फैल गई। खबर मिलते ही आमलोग से जनप्रतिनिधियों तक अस्पताल पहुंचने लगे और पुलिस प्रशासन के विरुद्ध अपनी रोषपूर्ण प्रतिक्रिया देने लगे। इधर शिक्षक की मृत्यु से परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल हो गया है।
क्या कहा पुलिस ने….?
हथुआ के एसडीपीओ आनन्द मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस चिन्हित जगहों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण यानि पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है।